
सुजानपुर/पालमपुर/थुरल। कांगड़ा जिले के उपमंडल पालमपुर के गांव आलमपुर बाग में एक व्यक्ति ने तकरार के बाद बहू को गोली मार दी और फिर खुद को गोली से उड़ा लिया। बहू को गंभीर हालत में चंडीगढ़ पीजीआई भेजा गया है।
बताया जाता है कि रविवार रात से रणजीत सिंह (58) और उसकी बहू रंजना (34) के बीच किसी बात को लेकर तकरार हुई थी। यह बहसबाजी सोमवार सुबह तक चलती रही। इसके बाद रणजीत ने बाहर कहीं जाकर शराब पी ली। जब वह घर आया तो दोनों में फिर बहस हो गई। इसके बाद रणजीत ने अपनी लाइसेंसी बंदूक उठा लाया और बहू के सिर में गोली मार दी। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने रणजीत से बंदूक छीन ली। घायल रंजना को पहले सुजानपुर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते टांडा मेडिकल कालेज और फिर वहां से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
बताते हैं कि घटना के कुछ देर बाद जब नशा उतरा तो रणजीत बंदूक लाया और खुद के गले गोली मार ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके शव को कब्जे में ले लिया है
थाना प्रभारी लंबागांव सुनील राणा ने कहा कि घायल महिला को टांडा से पीजीआई रेफर किया गया है। जबकि मृतक रणजीत का शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
