
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। व्यावसायिक कार्यों के लिए पेयजल का इस्तेमाल कर रहे दुकानदारों, होटल और ढाबा मालिकों को आईपीएच विभाग ने पेयजल कनेक्शन पर मीटर लगाने को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस ज्वालामुखी और देहरा शहर के दुकानदारों, होटल और ढाबा मालिकों को जारी किए गए हैं, जो पेयजल कनेक्शन का व्यावसायिक इस्तेमाल कर रहे हैं। नोटिस मिलने के बाद देहरा और ज्वालामुखी शहर में कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि कई कारोबरियों को नोटिस मिल गए हैं तथा कइयों को अभी मिलना बाकी हैं। देहरा शहर के 21 और ज्वालामुखी के करीब 90 कारोबारियों को नोटिस जारी हुए हैं। नोटिस में निर्देश दिए गए हैं कि पेयजल कनेक्शन पर मीटर 15 दिन के भीतर लग जाना चाहिए। यदि कोई कारोबारी मीटर नहीं लगवाता है तो उसका कनेक्शन बिना किसी सूचना के काटा जा सकता है। कारोबारियों को यह मीटर बाजार से खरीदना होगा। बाजार में एक मीटर करीब 850 रुपये का मिल रहा है। आईपीएच विभाग को सरकार से नए निर्देश मिले हैं कि सभी प्रकार के व्यावसायिक नलों में मीटर लगाना अनिवार्य किया जाए। विभाग ने सरकार से निर्देश मिलने के बाद कारोबारियों को नोटिस जारी करके मीटर लगाने के लिए 15 दिन की समय सीमा तय कर दी है।
मीटर के लिए फ्लैट रेट तय
विभाग ने मीटर लगाने के बाद कारोबारियों के लिए फ्लैट रेट तय किए हैं। इसके अंतर्गत हर माह 214.35 रुपये लिए जाएंगे। इसके अलावा हर साल 10 फीसदी बढ़ोतरी की जाएगी। साथ ही 18.60 रुपये प्रति लीटर वसूले जाएंगे।
मीटर लगाना जरूरी : एक्सईएन
आईपीएच मंडल देहरा के एक्सईएन पीसी दड़ोच ने पुष्टि करते हुए कहा कि पेयजल का व्यावसायिक इस्तेमाल कर रहे शहरी कारोबारियों को मीटर लगाना जरूरी किया गया है। कारोबारियों को नोटिस जारी करके मीटर लगाने को कहा गया है। मीटर लगाए जाने से पेयजल का सही इस्तेमाल होगा।
