रोपड़ी गांव में महिला ने निगला जहर, मौत

बलद्वाड़ा (मंडी)। तहसील बलद्वाड़ा की कशमैला पंचायत के रोपड़ी गांव में महिला ने जहर निगलकर जान दे दी। घटना रविवार सुबह की है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह रोपड़ी गांव की रामप्यारी (25) पत्नी सुरेंद्र कुमार ने घर पर ही जहर निगल लिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। तबीयत खराब होेने पर परिजन महिला को 108 नंबर एंबुलेंस से एफआरयू बलद्वाड़ा ले गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। अस्पताल में महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक महिला का पति सुरेंद्र कुमार ट्रक ड्राइवर है, जो घर पर नहीं था। घर पर मृतका के बुजुर्ग सास-ससुर होते हैं। महिला अपने पीछे दो बेटियां भी छोड़ गई है। पुलिस ने भादसं की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी ने बताया कि फिलहाल महिला के जहर निगलकर जान देने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस छानबीन कर रही है।

Related posts