
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। प्रदेश विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने रविवार सुबह देहरा, जसवां-परागपुर और ज्वालामुखी हलके का दौरा किया। लोनिवि देहरा के रेस्ट हाउस में प्राक्कलन समिति ने सभी विभागों के अधिकारियों से क्षेत्र के विकास, निर्माण कार्य, पेयजल, सड़क, पुल आदि कार्यों की समीक्षा की।
प्राक्कलन समिति के सभापति कुलदीप कुमार, ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न, महेश्वर सिंह, सरवीण चौधरी और इंद्र कुमार ने अधिकारियों से विकास कार्यों पर फीड बैक लिया। महेश्वर सिंह ने शामलात भूमि, जंगलात महकमे के कारण अटकी सड़कें, सुप्रीम कोर्ट के पर्यावरण पर दिए नए आदेश आदि पर डीएफओ देहरा जेसी कटोच से सवाल-जवाब किया। इसके बाद समिति के सभापति कुलदीप कुमार ने लोनिवि देहरा के एक्सईएन आरके मिन्हास से नकेड़ खड्ड पर दोबारा बनाए गए डबल लेन पुल, पुलों का निर्माण करते समय भविष्य की जरूरतों और देहरा में वन विभाग के कारण अटकी सड़कों के बारे में रिपोर्ट मांगी। इसके बाद इंद्र सिंह और कुलदीप कुमार ने आईपीएच के एक्सईएन पीसी दड़ोच से चंगर क्षेत्र में प्रस्तावित पेयजल योजना, सुराणी पेयजल योजना आदि के बारे जानकारी हासिल की। ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न और शाहपुर की विधायक सरवीण चौधरी ने बीडीओ देहरा से ग्राम पंचायतों में आईआरडीपी के चयन, शिकायतों के निपटारे के तौर-तरीके, शिकायत के बाद की स्थिति, आय प्रमाण पत्र कैसे जारी किया जाता है, जारी करते समय निर्देशों का पालन किया जाता है या नहीं? आदि पर जानकारी मांगी। बिजली बोर्ड मंडल देहरा के एक्सईएन प्रवीण धीमान से इलाके में ट्रांसफार्मर, कम वोल्टेज, बिजली के नए खंभों की स्थापना और तूफान से हुए नुकसान की जानकारी ली। विधायक सरवीण चौधरी ने देहरा हलके में बंद हुए बस रूटों पर नाराजगी जताई। इस मौके पर एसडीएम देहरा विनय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
ज्वालामुखी मंदिर में भक्तों की सुविधा को दिए निर्देश
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। हिमाचल सरकार के अधीन चल रहे सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर का विधानसभा की प्राक्कलन कमेटी ने दौरा किया। राज्य प्राक्कलन कमेटी के सभापति कुलदीप कुमार, सदस्य सरवीण चौधरी, कर्नल इंद्र सिंह, महेश्वर सिंह, संजय रतन व स्टाफ ज्वाइंट सेक्रेटरी योगेंद्र धारीवाल, नैना कोटवी, रमेश वर्मा, राकेश गर्ग ने रविवार को ज्वालामुखी मंदिर पहुंचकर मां ज्वाला के दर्शन किए और मां से आशीर्वाद मांगा। इस दौरान मंदिर अधिकारी सुरेन्द्र शर्मा ने इस टीम का स्वागत किया। टीम ने मंदिर में व्यवस्था पर संतोष प्रकट किया और मंदिर में चल रहे विकास व अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपनी रिपोेर्ट बनाई। वहीं टीम ने मंदिर में अधिकारियों को यह भी सुझाया कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा में र्कोई कमी ना रखी जाए। इस मौके पर एसडीएम विनय कुमार, मंदिर अधिकारी सुरिंद्र शर्मा, मंदिर ट्रस्ट प्रधान दिव्यांशु भूषण, सुरेंद्र काकू, भवानी दत्त, संजीव सूद, प्रेमानंद, धर्मपाल, पार्वती शर्मा, पवन शर्मा, वेनी माधव, लंगर इंचार्ज राणो देवी, एक्सईएन आईपीएच पीसी दड़ोच, एसडीओ आरसी वर्मा, एक्सईएन लोनिवि रविंद्र कुमार, एसडीओ एमएस परमार, तहसीलदार देवी राम और एसडीओ बिजली बोर्ड सुभाष गुलेरिया आदि मौजूद रहे।
