अश्वनी मर्डर केस नहीं सुलझा पाई पुलिस

ऊना। अंब के नलोह में नकाबपोशों द्वारा अश्वनी की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। वारदात को एक सप्ताह बीत गया, लेकिन पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा। लोगों में असुरक्षा की भावना और बढ़ गई है। अश्वनी मर्डर केस जिले का एकमात्र अनसुलझा केस नहीं है, बल्कि और भी मर्डर के मामले अभी अनसुलझे हैं। अंब के ही कलरूही में बीते वर्ष बारह वर्षीय बच्ची से दुराचार के बाद हत्या का मामला, हरोली के पोलियां क्षेत्र में महंत सिंगारा राम मर्डर केस समेत अन्य मामलाें में भी अभी तक पुलिस किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी। कलरूही रेप एंड मर्डर केस में पुलिस ने कुछ लोगों से पूछताछ भी की। अंब क्षेत्र की ही एक महिला ने अपने पति तथा उसके साथियों का वारदात में हाथ होने का आरोप भी लगाया। पोलियां इलाके में महंत मर्डर केस की जांच के दौरान पूछताछ से पहले एक साध्वी ने भी आत्महत्या कर ली थी। बाद में केस सीआईडी को सौंपा गया, लेकिन सीआईडी भी मामले की परतें उधेड़ने में असफल रही। अब इस केस को आईपीएस अधिकारी सतवंत अटवाल हैंडल कर रही हैं। ऊना से सटे बसोली में युवती का मर्डर केस, अंब के जोह खड्ड क्षेत्र में कमांडो मर्डर केस भी अभी अनसुलझे हैं। पिछले सप्ताह अश्वनी की उसकी पत्नी और सात वर्षीय बेटे के सामने गोलीमार हत्या की वारदात के बाद पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी हुई। कई संस्थाओं ने भी विरोध प्रदर्शन किए तथा ज्ञापन भी सौंपे। दबाव के बाद असहाय पुलिस ने ठीकरी पहरों का सहारा लेना उचित समझा। जगह-जगह हुई नाकाबंदी के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा।

एफएसएल रिपोर्ट खोलेगी राज
अश्वनी मर्डर केस में एफएसएल की रिपोर्ट भी कई राज खोल सकती है। नलोह और ऊना कांगड़ा सीमा पर स्थित सिक्करा दा परोह में एक ही एक हथियार से गोलियां चली हैं या अलग-अलग हथियार इस्तेमाल हुए। हथियार कोई देसी कट्टा रहा या किसी लाइसेंसी हथियार से गोलियां दागी गईं। दोनों वारदातों में बरामद गोलियों के खोलों में समानता समेत कई अन्य बिंदुओं पर रिपोर्ट राज खोल सकती है। एसआईटी का नेतृत्व कर रहे डीएसपी अंब मदन कौशल ने कहा कि दो या तीन में रिपोर्ट आ सकती है। उन्होंने दावा किया है कि जल्द मामले का पटाक्षेप होगा।

Related posts