पुलिस को खूब छका रहा है चोर लूटेरों का गिरोह

पुलिस को खूब छका रहा है चोर लूटेरों का गिरोह
बद्दी (सोलन)। पुलिस बेशक पेट्रोलिंग के लाखे दावे करे और प्रवासियों के पंजीकरण की बात दोहराए, बावजूद इसके वास्तविकता यह है कि चोर लुटेरे चंद ही मिनटों की मेहनत में लाखों रुपये पर हाथ साफ कर जाते हैं। जहां एक ओर पीड़ित अपनी कमाई को लूटता देखता है, वहीं पुलिस इनकी धरपकड़ की बात कहकर इतिश्री कर देती है।
24 सितंबर को नालागढ़ में 4 लाख रुपये लूट की वारदात में पकड़े गए आरोपी ने कई खुलासे कर दिए हैं, लेकिन चोर लुटेरे इतने सक्रिय है कि उन्हें किसी का कोई खौफ नहीं है और बड़े ही शातिराना ढंग से वीरवार को पीएनबी बद्दी से एक लुटेरे ने 5 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सीसीटीवी फुटेज मिलने के बावजूद पुलिस हाथ मलती रह गई और अभी तक पुलिस ने स्कैच भी जारी नहीं किए हैं। बद्दी में कैशियर कैबिन से क्या निकला कि काउंटिंग मशीन पर रखी नकदी पर चंद पलों में ही लुटेरा हाथ मार गया।

सैकड़ों प्रवासियों के पास यही काम
गिरोह के पकड़े गए सदस्य के खुलासे के मुताबिक यूपी के मुरादाबाद व आसपास के सैकड़ों लोग इसी धंधे में जुटे हुए हैं। उसने 300 से 400 लोगों के इस धंधे में नालागढ़ पुलिस की पूछताछ के दौरान यह बात कबूली है। रोचक बात यह भी है कि गिरोह के यह लोग पड़ोसी राज्यों में बेरोकटोक आते हैं और सुबह अपने मिशन पर अलग-अलग क्षेत्रों की ओर निकल जाते हैं, जिसके हाथ जितनी बड़ी राशि लगी, वह मालदार हो जाता है।

गिरोह के सदस्य होंगे काबू
डीएसपी नालागढ़ निश्चिंत नेगी ने कहा कि गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें भेजी जा चुकी हैं, जो दबिशें दे रही हैं, जल्द अन्य आरोपी गिरफ्त में होंगे। डीएसपी हैडक्वार्टर नरेंद्र सिंह ने कहा कि आरोपी जल्द पकड़ा जाएगा और गिरोह के अन्य लोग भी इसमें शामिल हो सकते हैं।

Related posts