चहेतों को बांटे जा रहे टेंडर

चहेतों को बांटे जा रहे टेंडर
बददी (सोलन)। स्थानीय ठेकेदारों ने बीबीएनडीए पर क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये के टेंडर बैकडोर एंट्री से अपने चहेतों ठेकेदारों को दिए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि जब ठेकेदारों ने इसका विरोध किया तो बीबीएनडीए ने टेंडर रद कर डाले। उपायुक्त ने ठेकेदारों को आश्वासन दिया है कि अनुसार इस मामले में जांच होगी। अगर कोई दोषी पाया जाता है तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। टेंडर की पूरी प्रक्रिया होती है। इसके बावजूद यदि ठेकेदारों ने आरोप लगाए हैं तो इसे जांचा जाएगा।
नोएडा की तर्ज पर बीबीएन को विकसित करने के लिए वर्ष 2006 में गठित बीबीएनडीए ने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए 28 सितंबर को टेंडर कॉल किए थे, लेकिन जब अन्य ठेकेदारों ने इसके लिए आवेदन किया तो उन्हें यह कहा गया कि कोई भी टेंडर नहीं लगाया गया है। बाद में टेंडर आवंटित करने का बीबीएन के दर्जन भर अन्य ठेकेदारों को पता चला तो उन्होंने बवाल खड़ा कर दिया और बीबीएनडीए के डिप्टी सीईओ को पत्र सौंपकर इसे तुरंत रद करने की मांग कर डाली।

ठेकेदारों ने जड़े मिलीभगत के आरोप
बीबीएन क्षेत्र के ठेकेदारों कुलवीर सिंह, डी सिंह, सुजाल खान, गुरजीत सिंह, विनोद, बीएस बेदी और गुरबख्श सिंह आदि ने आरोप जड़ते हुए कहा कि मिलीभगत कर बीबीएनडीए के अधिकारियों और चंद ठेकेदारों ने यह टेंडर हासिल कर लिए। जब उन्होंने इसके लिए आवदेन करना चाहा तो उन्हें किसी भी टेंडर की कोई सूचना न कहकर कार्यालय से वापस लौटा दिया गया। बीबीएनडीए ने भीतर खाते मिलीभगत करके टेंडर चहेतों को बांट दिए हैं।

स्थगित कर दिए गए टेंडर
बीबीएनडीए के अधिशाषी अभियंता ओपी वर्मा के अनुसार कुछ ठेकेदारों को यदि टेंडर की सूचना नहीं मिली तो वह विरोध करने लग गए। टेंडर की पूरी प्रक्रिया होती है। वहीं डिप्टी सीईओ बीबीएनडीए राजेश्वर गोयल ने ठेकेदारों के पत्र मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि तुरंत कार्रवाई करते हुए टेंडर स्थगित कर दिए गए हैं और उन्होंने सीईओ एवं डीसी सोलन से इस बारे में वार्ता की है।

मामले की होगी जांच
इस संबंध में सीईओ और डीसी सोलन मदन चौहान के अनुसार इस मामले में जांच होगी। अगर कोई दोषी पाया जाता है तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। टेंडर की पूरी प्रक्रिया होती है। इसके बावजूद यदि ठेकेदारों ने आरोप लगाए हैं तो इसे जांचा जाएगा।

Related posts