कांग्रेस नेता ने हेडकांस्टेबल से की धक्का-मुक्की

शिमला। शिमला शहर से कांग्रेस की टिकट पर विधायक का चुनाव लड़ चुके और पूर्व डिप्टी मेयर हरीश जनारथा पर ट्रैफिक हेड कांस्टेबल के साथ धक्का-मुक्की करने और गालीगलौज करने का आरोप लगा है। आरोप ड्यूटी पर मौजूद हेड कांस्टेबल सुरेंद्र ने लगाया है। शिकायत के आधार पर कांग्रेस नेता हरीश जनारथा के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, हरीश जनारथा अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद करार दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेडकांस्टेबल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
पुलिस के मुताबिक आईजीएमसी रोड पर शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस के हेडकांस्टेबल सुरेंद्र और कांस्टेबल राजपाल ड्यूटी पर तैनात थे। शाम करीब छह बजकर बीस मिनट पर वहां पुलिस गुमटी के पास आकर गाड़ी रुकी। उसमें हरीश जनारथा बैठे थे। गाड़ी को पुलिस गुमटी के पास टेढ़ी खड़ी कर दिया गया। इस पर हेडकांस्टेबल सुरेंद्र ने गाड़ी को वहां से हटाने के लिए कहा। हेडकांस्टेबल का आरोप है कि जनारथा ने उनके साथ धक्का-मुक्की और गालीगलौज किया। इस दौरान मौके पर काफी लोग एकत्रित हो गए। किसी तरह मामले को शांत किया गया। लक्कड़ बाजार चौकी में हेडकांस्टेबल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया।

बीमार बच्चे को देखने गया था आईजीएमसी : जनारथा
हरीश जनारथा ने कहा कि एक बीमार बच्चे को देखने वह आईजीएमसी गए थे। पुलिस गुमटी के पास रोजाना गाड़ियां खड़ी रहती है। उन्होंने वहां गाड़ी खड़ी की। इसी बीच हेडकांस्टेबल वहां आया और दुर्व्यवहार करने लगा। वह कहने लगा कि गाड़ी यहां से हटाओ। उन्होंने उससे आग्रह किया कि पांच मिनट में मरीज को देखकर वह वापस आ जाएंगे लेकिन वह नहीं माना। उससे इतना भी कहा कि गाड़ी की चाबी रख लो लेकिन उसने दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से पहले उनका पक्ष नहीं जाना। अगर पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है तो वह भी क्रॉस एफआईआर दर्ज करवाएंगे।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि हरीश जनारथा पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक हेडकांस्टेबल से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर हरीश जनारथा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Related posts