मेले में खरीददारी को आई महिला से दुराचार

गोहर (मंडी)। जिलास्तरीय ख्योड़ मेले के समापन के दो दिन बाद मेले में खरीददारी करने आई एक महिला के साथ कार में युवक ने दुराचार किया। महिला की बस छूटने के बाद कार में सवार दो युवकों में से एक ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात युवक के खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि 25 सितंबर को उपमंडल की एक महिला ख्योड़ मेले में खरीददारी करने आई हुई थी। शाम को घर जाने के लिए महिला की बस छूट गई। सड़क पर अकेली महिला को देख कार में सवार दो युवकों ने उसे कार में बिठा लिया और कहा कि वे स्यांज जा रहे हैं। कुछ किलोमीटर चलने के बाद दोनों युवकों ने कार रोककर पीछे मोड़ दी और चैलचौक की ओर रवाना हो गए। पुलिस ने बताया कि चैलचौक से कार सवार युवक महिला को लेकर बाढू की ओर निकल गए। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कार चला रहे युवक ने दूसरे युवक को कार चलाने के लिए कहा तथा खुद दुराचार किया। महिला ने घर जाकर परिजनों को इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस में एफआईआर दर्ज की गई। एसएचओ गोहर नवीन झालटा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने कार सवार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों और कार नंबर का पता लगा रही है।

Related posts