
सरकाघाट (मंडी)। चौक पंचायत के नाहरला गांव में शुक्रवार रात्रि चोरों ने मकान के ताले तोड़कर एक लाख के आभूषण और 28 हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। नीना कुमारी पत्नी प्रकाश चंद निवासी नाहरला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके तहकीकात शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक नीना कुमारी का पति लुधियाना में निजी कंपनी में कार्यरत है। जबकि, नीना अपने दो बेटों नीरज और सूरज के साथ घर में रहती है। घटना से एक दिन पहले वह अपने बडे़ बेटे के साथ मंडी स्थित मायके गई थी। चोरी की वारदात का पता शनिवार सुबह लग पाया। प्रकाश चंद की मां ने फोन पर सूचित किया। पति से घर में चोरी की सूचना पाकर नीना कुमारी तुरंत मायके से घर रवाना हुई तो वहां कमरों में सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश किया। वहां पर रखे दो ट्रंकों के ताले तोड़कर एक जोड़ी सोने के कांटे (8 ग्राम), मंगल सूत्र (15 ग्राम), अंगूठी (8 ग्राम), चांदी 29 ग्राम और 9 सिक्के चांदी तथा 28 हजार के कैश पर हाथ साफ किया। पुलिस दल ने मौके पर जाकर मामले की तहकीकात की। इधर, पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी ने चोरी की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
