
बलद्वाड़ा (मंडी)। प्लासी पुल के नजदीक निजी बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर होने से दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एफआरयू बलद्वाड़ा में उपचाराधीन दोनों की हालत को देखते हुए उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम प्लासी पुल के नजदीक निजी बस नंबर एचपी 65-2692 और बाइक नंबर एचपी 58-2697 के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर सवार ओम प्रकाश निवासी गांव वाहणू और दलेल निवासी कोट गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए एफआरयू बलद्वाड़ा लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए बिलासपुर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बाइक सवार दलेल की टांग टूट गई है। जबकि, ओम प्रकाश के सिर पर गहरी चोटें आई हैं। इधर, चौकी प्रभारी बलद्वाड़ा सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
