
बिलासपुर। जनपद बिलासपुर के किसानों के अच्छी खबर है। किसानों को अब बीज की डिमांड देने के लिए कृषि विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पंचायत की ग्राम सभा में बीज की डिमांड देनी होगी। पंचायतों के माध्यम से ही कृषि विभाग को बीज की डिमांड भेजी जाएगी।
बिलासपुर जिले के किसानों को किसी भी प्रकार के बीज की समस्या नहीं उठाने पड़े इसके लिए आगामी सीजन से कृषि विभाग द्वारा नई कार्यप्रणाली अपनाई जाएगी। इसके लिए उपायुक्त बिलासपुर डा. अजय शर्मा ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। कृषि विभाग के बजाए यदि किसान ग्राम सभाओं में बीज की डिमांड दें तो किसानों को सुविधा मिलेगी। कृषि विभाग द्वारा किसानों को बीज मुहैया करवाया जाता है। इसके लिए किसानों की डिमांड कम आती है। विभाग को अंदाजे से ही बीज की सप्लाई मंगवानी पड़ती है। बीज पहुंचने पर जब विभाग द्वारा किसानों में बीज वितरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है तो जहां पर एक किसान ने बीज की डिमांड भेजी होती है। वहां 10 किसान बीज की मांग करते हैं। कई बार तो विभाग को भी बीज के चलते समस्या उठानी पड़ती है। कृषि विभाग द्वारा किसानों को बेहतर बीज सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। यदि किसान बीज की डिमांड देने में अपनी दिलचस्पी दिखाएं तो किसानों को लाभ होने के साथ-साथ विभाग की परेशानी भी काफी हद तक खत्म होगी।
कृषि उप निदेशक जीसी लखनपाल ने कहा कि जल्द ही इस योजना पर काम शुरू किया जाएगा ताकि किसानों को कोई भी समस्या नहीं उठानी पड़े।
