
कंडवाल (कांगड़ा)। अमृतसर से धर्मशाला के लिए किराये पर महिंद्रा पिकअप गाड़ी हायर कर अज्ञात लोगों ने चालक से मारपीट की और गाड़ी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। घटना शनिवार सुबह की है।
अज्ञात लोगों ने गाड़ी को अमृतसर से धर्मशाला तक सामान लाने के बहाने से हायर किया था। मगर, जैसे ही गाड़ी भेड़खड्ड के पास पहुंची तो गाड़ी चालक के सिर पर अज्ञात लोगों ने बोतल से प्रहार किया। इस दौरान चालक लहूलुहान हो गया। बाद में आरोपियों चालक के साथ मारपीट की। पुलिस के अनुसार वेरका अमृतसर निवासी मंगत सिंह पुत्र मदन लाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसकी महिंद्रा गाड़ी को किराया पर लिया था। जैसे गाड़ी नूरपुर के निकट भेड़खड्ड नामक स्थान पर पहुंची तो गाड़ी में सवार लोगों ने उसके सिर पर पीछे से प्रहार करते हुए बोतल दे मारी और इसके पश्चात साथ मारपीट करके गाड़ी छीनकर फरार हो गए। वहीं,डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर धारा 382, 323 और 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
