
धर्मशाला। स्थानीय गुरुद्वारा रोड पर स्थित दो दर्जन से ज्यादा घरों में पीने के पानी की उचित आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे इन घरों में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी राजेश कटोच, अश्वनी कायस्था, अनिल कायस्था, अरुण, विकास, मदन गुलेरिया, नीना भारती, पवन, राकेश, सन्नी, गौरव, मंगा गुप्ता, बालक राम, गुरवचन सिंह व लाजपत आदि का कहना है कि कई महीनों से उन्हें पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है। उन्होंने आईपीएच विभाग से सप्लाई को दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि रोजाना 15 से 20 मिनट तक ही नलों में पानी आता है। इससे पीने के लिए भी पानी पर्याप्त नहीं होता। जबकि नहाने व कपडे़ धोने के लिए उन्हें बाहर से पानी लाना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से पानी की आपूर्ति को सुचारु करने की मांग करते हुए धरना-प्रदर्शन को भी चेताया है। उन्होंने कहा कि यदि आगामी चार दिनों के भीतर पानी की समस्या दूर न हुई तो वह विभाग के कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। वहीं विभाग के धर्मशाला स्थित एसडीओ राजीव महाजन का कहना है कि पहले यहां पानी की किल्लत थी। लेकिन काफी समय से पानी की आपूर्ति सुचारु कर दी गई थी। लेकिन फिर से पानी की किल्लत होने पर विभाग जल्द समस्या का निदान करेगा।
