
मुंबई: अमिताभ बच्चन, गुजरात राज्य के ब्रांड एंबेसडर हैं। टीवी पर आपने उन्हें गुजरात में पर्यटन को बढ़ावा देने संबंधी विज्ञापनों में ज़रूर देखा होगा। लेकिन जब भी गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में उनसे प्रश्न पूछा जाता है तो वे जवाब दने में कतराते दिखते हैं। हाल ही में मुंबई में हुए एक समारोह में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह नरेंद्र मोदी को भारत के प्रधानमंत्री पद के लिए उपयुक्त मानते हैं, तो वह बड़ी सफाई से इसका जवाब टाल गए।
बिग बी ने हिचकिचाते हुए कहा, “मेरा अब राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। मैं राजनीति छोड़ चुका हूं। इसलिए मैं इस पर क्या बोलूं। आप पत्रकार लोग देश भर में घूमते रहते हैं, ये आप बेहतर जानते होंगे कि कौन प्रधानमंत्री बन सकता है।”
मीडिया ने उन्हें और कुरेदने की कोशिश की लेकिन अमिताभ बच्चन ने कुछ भी नहीं कहा। इससे पहले भी देश के युवा वोटरों को पंजीकृत करवाने के लिए नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए आनलाइन अभियान को अमितभ बच्चन ने नजरअंदाज कर दिया था। मोदी की तारीफ करते यूट्यूब पर डाले गए एक फर्जी वीडियो से भी अमिताभ बच्चन खासे नाराज हुए थे। वीडियो देखने पर प्रतीत होता था कि बच्चन मोदी की तारीफ कर रहे हैं और बतौर पीएम उनका समर्थन कर रहे हैं। इस पर अमिताभ ने कहा था, ‘मैं यह देखकर निराश हूं और इसमें मेरी कोई सहमति नहीं है।’
हो सकता है मीडिया में नरेंद्र मोदी की नॉन सेक्युलर छवि के चलते अमिताभ बच्चन ने ऐसा किया हो या अब भी वह दिल से कांग्रेस को ही स्पोर्ट करते हैं। अब असली कारण तो अमिताभ ही बता सकते हैं।
