दिल्ली के अमित के नाम रहा उद्घाटन मुकाबला

पौड़ी। सातवीं सेंट्रल इंडिया महिला-पुरुष बाक्सिंग प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला में दिल्ली के अमित कुमार के नाम रहा। मुकाबले में उन्होंने मध्य प्रदेश के सुधांशू द्विवेदी को हराया। पहले दिन हुए मुकाबलों में दिल्ली, उत्तराखंड के बॉक्सर छाए रहे। पुरुष वर्ग के 10 मुकाबलों में से चार दिल्ली और तीन उत्तराखंड के नाम रहे।
प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच 49 किलो भार वर्ग में मध्य प्रदेश के सुधांशू द्विवेदी और दिल्ली के अमित कुमार के बीच हुआ। तीन राउंड के मुकाबले में अमित कुमार ने सुधाशू द्विवेदी को 3-0 से हराया। 56 किलो भार वर्ग में छत्तीसगढ़ के सुदर्शन ने दिल्ली के योगेश टोकस को 3-0 से, 60 किलो भार वर्ग में यूपी के शहनशाह ने दिल्ली के आकाशदी को 3-0 से हराया। 64 किलो भार वर्ग में दिल्ली के धीरेंद्र जोशी ने मध्य प्रदेश के नरेंद्र सिंह को 3-0 से हराया। 69 किलो भार वर्ग में उत्तराखंड के जितेंद्र जोशी ने छत्तीसगढ़ के सुरेश को 3-0 से हराया। 75 किलो भार वर्ग में उत्तराखंड के विशाल सिंह ने छत्तीसगढ़ के सूरज को पराजित किया। आयोजकों ने बताया कि स्पर्धा के तहत शुक्रवार को 52 किलो भार वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में उत्तराखंड के आनंद चौहान ने यूपी के रोहित को 3-0 से, दिल्ली के अमित ने मध्य प्रदेश के विनय तिवारी को 3-0 से हराया। 81 किलो भार के सेमीफाइनल मुकाबलों में एमपी के गौरव ने यूपी के त्रिदेव को, दिल्ली के गौरव पंवार ने उत्तराखंड के लवीश कुंवर को 3-0 से हराया। महिला वर्ग में हुए एकमात्र 45-48 वर्ग के क्वार्टर फाइलन मुकाबले में एमपी की प्रीति सोनी ने छत्तीसगढ़ की तुलसी को 2-1 से हराया।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मौका : आयुक्त
रामलीला मैदान में उत्तराखंड बाक्सिंग संघ की पहल पर शुरू हुई प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि आयुक्त डीएस गर्ब्याल ने किया। उन्होंने कहा कि आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, सहायक खेल निदेशक डा. धर्मेंद्र भट्ट, पूर्व विधायक बृज मोहन कोटवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष जसपाल नेगी, कुंज बिहारी नेगी, राजेंद्र प्रसाद टम्टा, नीरज कांत भट्ट, मुखर्जी निर्वाण, डा. नरोत्तम सिंह रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, जितेंद्र आदि मौजूद थे।

रंगारंग कार्यक्रम से बांधा समां
बाक्सिंग प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह में जीजीआईसी की छात्राओं ने स्वागत गीत, जौनसारी गीत और नृत्य प्रस्तुत कर समां बांधा। इस मौके पर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने आए उत्तराखंड, दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के बॉक्सरों ने मार्चपस्ट किया।

45 पुरुष, 32 महिला बॉक्सर ले रहे भाग
बाक्सिंग प्रतियोगिता में 44 पुरुष, 32 महिला बॉक्सर प्रतिभाग कर रहे हैं। सहायक खेल निदेशक डा. धर्मेंद्र भट्ट ने बताया कि पुरुष बॉक्सरों में दिल्ली के नौ, उत्तराखंड, यूपी और मध्य प्रदेश के 10-10, छत्तीसगढ़ के पांच बॉक्सर भाग ले रहे हैं। महिला बॉक्सरों में दिल्ली और उत्तराखंड के नौ-नौ, मध्य प्रदेश के सात, छत्तीसगढ़ के दो और यूपी के पांच बॉक्सर शामिल हैं।

Related posts