
नरेंद्रनगर (टिहरी)। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी ने नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण कर कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भ्रष्ट नीतियों से जनता त्रस्त है। सरकार सीमा पर आतंकी घुसपैठ रोकने में विफल साबित हो रही है, जिससे सैनिकों का मनोबल भी गिर रहा है।
लोनिवि अतिथिगृह में आयोजित बैठक में पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्ट शासन और बढ़ती महंगाई से जनता त्रस्त है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी लोस चुनाव के लिए एकजुटता से कार्यकर कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखाने का आह्वान किया। इसके बाद उन्होंने दुआधार, आगराखाल, फकोट में जनसंपर्क करने के बाद खाड़ी में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर चुनाव तैयारी में जुटने को कहा। इस दौरान जिलाध्यक्ष विनोद सुयाल, प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, प्रदेश महामंत्री ज्ञान सिंह नेगी, ओमगोपाल रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष जयवीर रावत और नलिन भट्ट आदि मौजूद थे।
