नैनीसैंण में जल्द बनेगा आयुर्वेदिक अस्पताल भवन: डा. मैखुरी

कर्णप्रयाग। डिप्टी स्पीकर और विधायक डा. अनुसूया प्रसाद मैखुरी ने कपीरी पट्टी के दर्जनों गांवों का भ्रमण कर समस्याएं सुनीं। इस दौरान मैखुरी ने कहा कि नैनीसैंण में आयुर्वेदिक चिकित्सालय का भवन निर्माण शीघ्र किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों ने फसलों को जंगली जानवरों से लगातार किए जा रहे नुकसान का मामला प्रमुखता से उठाया।
शुक्रवार को डिप्टी स्पीकर डा. मैखुरी ने कपीरी के धारडुंग्री, धनसारी, अखोड़ी, बरमोली, कोलाडुंग्री, स्वर्का, नौली आदि गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान मैखुरी ने खोला-मक्खनपुर 03 किमी मोटर मार्ग, सिमली-कोलाडुंग्री-बणसोली 07 किमी मोटर मार्ग, सिमली में निर्मित 133 केवी विद्युत सब स्टेशन, जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कालूसैंण को हाईस्कूल स्तर तक मान्यता देने, कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग पर डिम्मर में मोटर सेतु का निर्माण, सिमली में बेस चिकित्सालय का निर्माण सहित कर्णप्रयाग-नैनीसैंण मोटर मार्ग को हॉट मिक्स करने संबधी विकास कार्यों को ग्रामीणों के सामने रखा।
इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में पेयजल, अघोषित विद्युत कटौती और आपदा से हुए नुकसान के मामले को भी सामने रखा। भ्रमण के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेश डिमरी, प्रभारी खंड विकास अधिकारी टीआर शर्मा, बीओ पीआरडी दीपक बिष्ट आदि मौजूद थे।

Related posts