जीजीआईसी में भौतिक विज्ञान प्रवक्ता का पद 11 साल से खाली

अल्मोड़ा। ग्रामीण इलाकों में स्थित तमाम विद्यालयों में शिक्षक-शिक्षिकाओं की कमी की समस्याएं आए दिन उठती रहती हैं लेकिन अब तो जिला मुख्यालय में स्थित विद्यालयों की स्थिति भी खराब होने लगी है। राजकीय बालिका इंटर कालेज में भी शिक्षिकाओं की कमी होने से छात्राओं की पढ़ाई चौपट है। जीजीआईसी अल्मोड़ा में भौतिक विज्ञान प्र्रवक्ता का पद 11 साल से खाली है। एलटी संवर्ग में गणित की एक शिक्षिका का पद तीन साल से रिक्त है। इससे छात्राओं में आक्रोश व्याप्त है।
विद्यालय की छात्रा आकांशा पांडे और बबीता गोस्वामी का कहना है कि स्कूल में भौतिक विज्ञान प्रवक्ता का पद 2002 से खाली है। कई बार मांग करने के बावजूद शिक्षा विभाग ने शिक्षिका की तैनाती नहीं की गई। भावना टम्टा का कहना है कि हाईस्कूल स्तर पर गणित के दो पद स्वीकृत हैं। इनमें से एक पद 2010 से खाली है। एकमात्र गणित शिक्षिका को भी प्रतिस्थानी के बगैर स्थानांतरित कर दिया है।
पारुल दानू, वंदना कांडपाल का कहना है कि विद्यालय में भूगोल विषय का पद पांच साल से खाली है और इस बीच मनोविज्ञान प्रवक्ता का भी स्थानांतरण हो गया है। विद्या कनवाल का कहना है कि जीजीआईसी में पढ़ाई का स्तर काफी अच्छा रहा है। इसी तरह शिक्षिकाओं के तबादले होते रहे तो छात्राओं का भविष्य प्रभावित होगा।

Related posts