
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर का अपह्त बेटा बृहस्पतिवार रात साढ़े ग्यारह बजे संदिग्ध हालात में घर आ गया।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिस समय छात्र घर आया, उस समय वह नशे की हालत में था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। छात्र की सेंट्रो कार आश्रम चौक के पास मिली। अपहरणकर्ताओं ने एक छात्र के परिजनों से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। जामिया नगर थाना पुलिस पीड़ित छात्र से पूछताछ कर मामले का खुलासा करने में जुटी है।
�पुलिस अधिकारियों के मुताबिक एमसीडी में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर एमएल खान जोगाबाई एक्सटेंशन (जामिया नगर) में रहते हैं।
उनका बेटा मोहम्मद रेहान (23) द्वारका स्थित एक इंस्टीट्यूट से बीआर्क की पढ़ाई कर रहा था। यह उसका अंतिम वर्ष था। वह लोधी कॉलोनी स्थित इंटेक में इंटर्नशिप कर रहा था।
23 सितंबर को सुबह साढ़े नौ बजे वह लोधी कॉलोनी स्थित कार्यालय जाने के लिए घर से निकला था लेकिन वहां पहुंचा नहीं। रेहान ने अपने बॉस को फोन कर लंच के बाद आने की बात कही थी।
इसके बाद रेहान के परिजनों के पास एक करोड़ रुपये फिरौती के लिए फोन आया।
परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सीनियर अधिकारियों की देखरेख में अपहरणकर्ता को दबोचने के लिए छह टीम बनाई गईं।
परिवार के पास फरीदाबाद, दादरी स्टेशन, मोदी नगर, मेरठ, गाजियाबाद, बदरपुर और ग्रेटर नोएडा से रैन्सम कॉल आई थीं।
पुलिस की टीमों ने कई जगहों पर दबिश दी मगर छात्र और अपहरणकर्ताओं का कुछ पता नहीं लगा। परिजनों के पास आई आखिरी रैन्सम कॉल में अपहरणकर्ताओं ने भरोसा दिया था कि उनका बेटा सकुशल घर लौट आएगा। हुआ भी ऐसा ही।
बृहस्पतिवार रात रेहान बदहवास हालत में ऑटो से घर पहुंचा। रेहान ने परिजनों को बताया कि बदमाशों ने उसे नशे के इंजेक्शन देकर हाथ-पांव बांध दिए थे और आंखों पर पट्टी बांध दी थी।
बदमाशों ने बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे आनंद विहार बस स्टैंड के पास उसे छोड़ दिया था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अपहरण की कहानी में सस्पेंस है। जल्द ही गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
मुंबइया स्टाइल में मांगी थी फिरौती
दिल्ली पुलिस के� वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपहरणकर्ताओं ने छात्र के परिजनों से फोन पर मुंबइया स्टाइल में फिरौती मांगी थी।
बदमाश अपुन, खोखा, टपका देने का, बोले तो भाई का ऑर्डर है, जैसे शब्दों का प्रयोग कर रहे थे। बदमाश खुद को दुबई वाले भाई का गुर्गा बताकर फिरौती मांग रहे थे।
बदमाशों ने पहले एक करोड़, फिर 50 लाख और बाद में 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।
पुलिस के दबाव के चलते छात्र को छोड़ा �
अपहरणकर्ताओं ने रेहान को पुलिस के दबाव में छोड़ दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दक्षिण-पूर्व जिले की कई टीमों ने जामिया नगर और बटला हाउस आदि स्थानों पर दबिश दी थी, जिसकी वजह से अपहरणकर्ताओं पर दबाव बढ़ता चला गया।
रेहान फिरौती की रकम देकर छोड़ा गया या फिर अपहरण के पीछे कोई और कहानी है। पुलिस अधिकारी मान रहे हैं कि मामले में कई पेंच हैं।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रेहान ने बताया कि ऑफिस जाते समय आश्रम चौक पर उसका किसी गाड़ी से एक्सीडेंट हो गया था।
दूसरी गाड़ी से चार-पांच लोग निकले और उन्होंने उसे अपनी गाड़ी में बैठा लिया। उन्होंने कहा कि गाड़ी ठीक कराने में समय लगेगा, इसलिए बॉस को देरी से ऑफिस आने की बात कह दे।
इसके बाद वे रेहान को नोएडा ले गए। वहां उसे नशीला इंजेक्शन लगा दिया। आरोपियों ने रेहान को शराब पिलाई थी।
