भर्ती में बालकों ने दिखाया उत्साह

मंडी। डोगरा रेजिमेंट फैजाबाद की ओर से खेल कोटे में ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी के लिए शुक्रवार को पड्डल ग्राउंड में ट्रायल लिए गए। इसमें हजारों बालकों ने भाग लिया। शुक्रवार सुबह से ही ग्राउंड में 11 से 14 साल के बालक अपने परिजनों के साथ ट्रायल देने के लिए पहुंचे थे। कई बच्चे भर्ती के लिए योग्यता की जानकारी न होने पर भी यहां पहुंचे थे, जिन्हें पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान ही लौटना पड़ा। डोगरा रेजिमेंट फैजाबाद से आए सैन्य अधिकारियों की देखरेख में शुक्रवार को ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी के लिए राज्य और नेशनल लेबल प्रतियोगिता में भाग ले चुके 11 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों के लिए ट्रायल लिए गए। चयनित बच्चों को भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से वॉलीबाल, हैंडबाल और हॉकी का प्रशिक्षण देकर ओलंपिक खेलों के लिए ट्रेंड किया जाएगा। 17 साल की आयु पूरी होने के बाद इन बच्चों को सेना में ही नौकरी दी जाएगी।

पड्डल ग्राउंड का चक्कर लगाने में फूल गया दम
ट्रायल में कई बच्चों का पड्डल ग्राउंड का एक चक्कर लगाने में दम फूल गया। कई ऐसे बच्चे ट्रायल में पहुंचे थे, जो ट्रायल के लिए निर्धारित मापदंडों को पूरा नहीं करते थे। सुबह के समय पड्डल ग्राउंड बच्चों और अभिभावकों से भरा हुआ था।

बिना योग्यता पहुंच रहे बच्चे
डोगरा रेजिमेंट के मेजर दिवाकर सहगल ने बताया कि कई बच्चे ट्रायल में बिना योग्यता के पहुंच रहे हैं। जिससे भीड़ ज्यादा बढ़ रही है। 29 और 30 सितंबर को बिलासपुर तथा 2 और 3 अक्तूबर को ऊना में ट्रायल होंगे। इसके बाद 5 और 7 अक्तूबर को फैजाबाद में स्क्रूटनी होगी।

Related posts