
मंडी। जिले में विभिन्न विभागों की ओर से चलाई जा रही विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय में आयोजित की गई। अध्यक्षता प्रधान सचिव राजस्व एवं वन तरुण श्रीधर ने की। श्रीधर ने कहा कि अधिकारी विकास कार्यों में तेजी लाएं तथा उन्हें समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें। विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। जिले में मनरेगा के तहत अनेक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। अभी तक 45 करोड़ रुपये की राशि मनरेगा योजनाओं में व्यय की जा चुकी है। लाइन डिपार्टमेंट के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग की ओर से मनरेगा के तहत किए जाने वाले कार्यों के सेल्फ जल्द से जल्द बनाना सुनिश्चित करें। बल्ह वैली लेफ्ट बैंक सिंचाई योजना का कार्य प्रगति पर है। अब तक लगभग 2356 हेक्टेयर भूमि को इस योजना के तहत लाया गया है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने विभाग की ओर से की जाने वाली राजस्व रिकवरी पर विशेष ध्यान दें तथा उसे समय पर रिकवर करना सुनिश्चित करें। उपायुक्त देवेश कुमार ने प्रधान सचिव तरुण श्रीधर का स्वागत किया तथा आश्वासन दिया कि जो भी निर्णय इस बैठक में लिए गए हैं, उनका प्रभावी तरीके से पालन किया जाएगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी, सहायक आयुक्त नीलम दुल्टा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
