जिला और ब्लॉक कांग्रेस में होगा फेरबदल

मंडी। जिला और ब्लॉक कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में अब बड़े पैमाने पर फेरबदल किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी हर्ष महाजन ने कहा कि निष्क्रिय सदस्यों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। पत्रकारों से बात करते हुए हर्ष महाजन ने कहा कि राष्ट्रीय कांग्रेस उपाध्यक्ष के दिशा-निर्देश पर जिला कांग्रेस की बैठक हर महीने की 17 तारीख और ब्लॉक कांग्रेस की हर माह की 15 तारीख को बैठकें अनिवार्य की गई हैं। इनमें जिले के मंत्रियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, पीसीसी सदस्यों की भागीदारी अनिवार्य होगी। महाजन ने कहा कि 18 अक्तूबर को मंडी संसदीय क्षेत्र की बैठक शिमला में आयोजित की जा रही है, जिसमें जिला कार्यकारिणी, पीसीसी सदस्यों के अलावा हर ब्लॉक से पांच सदस्य शामिल होंगे। मीटिंग को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह तथा संसदीय क्षेत्र के मंत्रीगण संबोधित करेंगे। महाजन ने कहा कि केंद्र सरकार के खाद्य सुरक्षा अधिनियम, भूमि अधिग्रहण, नेशनल रुरल हेल्थ मिशन आदि के बारे में कार्यकर्ताओं को जागरूक किया जाएगा। गांधी भवन में आयोजित जिला कांग्रेस की बैठक में कार्यकर्ताओं से सरकार के बारे में फीड बैक लिया गया। कहा कि हिमाचल और देश में मोदी फैक्टर नहीं चलेगा। भाजपा के गठबंधन से बड़े-बड़े राज्य निकलते जा रहे हैं। इस बार भाजपा को सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा। मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह अक्तूबर अंत तक सभी 17 विस हलकों का दौरा कर सांसद निधि का वितरण करेंगी। कांग्रेस की ओर से तैयार चार्जशीट को लेकर विजिलेंस जांच चल रही है। कांग्रेस का मानना है कि निर्दोष को छेड़ा नहीं जाएगा, मगर दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर, मंडी जिला मार्केट बोर्ड के अध्यक्ष हरेंद्र सेन, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक केशव नायक, भूमि विकास बैंक के निदेशक रवि सिंह ठाकुर, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन राजेंद्र मोहन, गिरजा शर्मा, हिमफेड के उपाध्यक्ष अमर सिंह सकलानी आदि मौजूद रहे।

Related posts