
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर पुलिस ने नशे में धुत होकर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के बाहर हुड़दंग मचाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी अर्जुन नगर परिषद सुंदरनगर के सलाह वार्ड का रहने वाला है। अर्जुन पिछले तीन-चार दिन से रात के समय शराब के नशे में विश्राम गृह के बाहर हुड़दंग मचा रहा था और स्थानीय विधायक एवं मुख्य संसदीय सचिव के खिलाफ अपशब्द बोल रहा था। वीरवार रात अर्जुन ने विश्राम गृह में पहुंच कर जैसे ही हुड़दंग मचाना शुरू किया, वहां ठहरे लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस थाना सुंदरनगर के एसएचओ जगदीश कंवर तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और हुड़दंग मचा रहे अर्जुन को पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 114 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को आरोपी को डीएसपी कुलभूषण वर्मा के समक्ष पेश किया गया, वहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। एसएचओ जगदीश कंवर ने बताया कि नशे में धुत होकर लोक निर्माण विभाग के सुंदरनगर विश्राम गृह के बाहर हुड़दंग मचाने के आरोप में सलाह निवासी अर्जुन को गिरफ्तार किया गया था।
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता को कमेटियां बनाईं
सुंदरनगर। सुंदरनगर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बालक) में 15 से19 अक्तूबर तक आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय प्राथमिक पाठशालाओं की खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर पुराना बाजार स्थित प्राथमिक पाठशाला में बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्षता सहायक निदेशक शारीरिक शिक्षा रविश कौशल ने की। इस दौरान खेलकूद प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए कमेटियों का गठन किया गया गया। निर्णय लिया गया कि बच्चों के खाने और ठहरने की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। इस मौके पर प्रधानाचार्य हेमंत शर्मा, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष इंद्र सिंह, वरिष्ठ उप प्रधान बामदेव शर्मा, महासचिव चेत सिंह, संघ की महिला सैल मंडी की प्रधान कुंता ठाकुर व महासचिव मंजू देवी के अलावा जिले के अनेक खंडों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
