फिर लटकेगा आईटी शिक्षकों का वेतन!

चंबा। जिला चंबा के अधिकांश स्कूलों के आईटी प्रभारी एक माह के अंतराल के बाद आईटी फीस जमा करवा रहे हैं। इससे आईटी शिक्षकों को समय पर सैलरी नहीं मिल रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शिक्षा निदेशालय की ओर से आईटी प्रभारियों को हर महीने की 10 तारीख को आईटी फीस शिक्षा विभाग के पास जमा करवाने के निर्देश दिए हैं, लेकिन अधिकांश आईटी प्रभारी एक महीने की फीस दूसरे महीने की 10 तारीख को जाकर जमा करवा रहे हैं। कई स्कूलों के आईटी प्रभारियों ने जुलाई व अगस्त माह की फीस अभी तक जमा नहीं करवाई है। इससे एक बार फिर से संबंधित स्कूल के आईटी शिक्षकों की सैलरी पर तलवार लटक सकती है। उल्लेखनीय है कि जिला के सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में सरकार ने आईटी शिक्षा को शुरू किया है। इसके अलावा कुछ हाई स्कूलों में भी आईटी शिक्षा चल रही है, लेकिन आईटी प्रभारियों की लेटलतीफी के कारण शिक्षा विभाग को समय पर आईटी फीस नहीं मिल रही है। उधर, शिक्षा विभाग के जिला नोडल अधिकारी अजय चौहान ने जिला भर के आईटी प्रभारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे हर माह 10 तारीख को आईटी फीस जमा करवाएं। उन्होंने बताया कि गत दो माह की फीस जिन आईटी प्रभारियों ने अभी तक जमां नहीं करवाई है वे उनके साथ फोन के माध्यम से संपर्क करें। उन्होंने बताया कि तीन और चार अक्तूबर को शिमला में संयुक्त निदेशक के साथ एक बैठक होगी, जिसमें आईटी फीस का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। ऐसे में जिन स्कूलों से अभी तक आईटी फीस नहीं पहुंची है उनके आईटी प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

Related posts