अल-शबाब की धमकी, और खूनखराबे के लिए तैयार रहे केन्या

अल-शबाब की धमकी, और खूनखराबे के लिए तैयार रहे केन्या

मोगादिशूः आतंकवादी संगठन अल-शबाब के नेता ने केन्या पर सोमालिया से सेना को हटाने का दबाव बनाते हुए यहां और अधिक खूनखराबा किए जाने की धमकी दी है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, यह धमकी केन्या की राजधानी नैरोबी के वेस्टगेट शॉपिंग मॉल पर हुए आतंकवादी हमले और इस पर काबू पाए जाने की घोषणा के एक दिन बाद आया है। गौरतलब है कि गत शनिवार को सोमालिया में मौजूद आतंकवादी संगठन अल-शबाब के आतंकियों ने वेस्टगेट मॉल में लोगों को बंधक बना लिया था। इस हमले में कई निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी।

एक ऑडियो संदेश में अल-शबाब के नेता अहमद अब्दी गोदाने ने कहा, हमारे लड़ाकों ने दक्षिणी सोमालिया में केन्याई सैनिकों की मौजूदगी के विरोध में वेस्टगेट पर हमला किया था। अबु जुबेयर के नाम से चर्चित गोदाने ने केन्या सरकार से सोमालिया से सेना हटाने या फिर ऐसे ही हमले झेलने की चेतावनी दी।

अबु जुबेयर ने कहा, आज फैसला कर अपने सैनिकों को सोमालिया से निकाल लें, वरना अपने देश में और अधिक खूनखराबे, आर्थिक हानि और विस्थापन के लिए तैयार हो जाएं। अल-शबाब द्वारा केन्याई सीमा से विदेशी नागरिकों को अगवा कर लिए जाने के बाद अक्टूबर 2011 में केन्या ने दक्षिणी सोमालिया में अपनी सेना भेजी थी। इधर, वेस्टगेट हमले में मृतकों की संख्या 72 हो गई है जिसमें 61 आम नागरिक, छह सुरक्षाकर्मी और पांच आतंकवादी शामिल हैं।

Related posts