धरने पर डटे हैं बीपीएड प्रशिक्षित बेरोजगार

अल्मोड़ा/भराड़ी। स्कूलों में नियुक्ति नहीं मिलने से नाराज बीपीएड-एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन ने तीसरे दिन भी कलक्ट्रेट प्रांगण में धरना दिया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि यदि जल्द मांग पूरी नहीं की तो लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ दल को खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों पर बेरोजगारों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों में व्यायाम शिक्षक के पद सृजित कर नियुक्ति देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नियुक्ति देने के बजाए बेरोजगारों के उत्पीड़न पर उतारू है। जब तक नियुक्ति की मांग पूरी नहीं हो जाती आंदोलन जारी रखा जाएगा। जरूरत पड़ी तो आंदोलन तेज करने को बेरोजगार बाध्य होंगे।
धरने में कुंदन बिष्ट, संदीप साह, संतोष जोशी, शरद मेहता, हरीश गोस्वामी, सुनील भोज, हेम जोशी, नवीन चंद्र, अमित टम्टा, मदन नेगी, रवींद्र कोहली, अनिल कपूर, राजेंद्र रौतेला, मुकुल सारकी, पूरन भोज, मनीष जीना, गणेश फर्त्याल, संतोष जोशी, कैलाश बिष्ट, लकी जोशी, यशोधरा जोशी आदि बैठे। इधर, सपा जिलाध्यक्ष जसवंत सिंह अधिकारी, हृदयेश दीपाली, अजय वर्मा, कृष्णा गोस्वामी ने भी बेरोजगारों के आंदोलन को समर्थन दिया है।
उधर भराड़ी में बीपीएड और एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर सरकारी विद्यालयों में नियुक्ति देने की मांग की।
बीपीएड और एमपीएड प्रशिक्षण प्राप्त बेरोजगारों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन यहां तहसीलदार मदन सिंह बिरोड़िया को सौंपा। बेरोजगारों का कहना है कि लंबे समय से उनकी उपेक्षा हो रही है। तमाम स्कूलों में शिक्षकोें के कई पद रिक्त हैं लेकिन प्रशिक्षण प्राप्त बेरोजगारों को इनमें नियुक्तियां नहीं दी जा रही हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि शीघ्र उन्हें नियुक्तियां नहीं दी गई तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में भाष्कर मिश्रा, विनोद पांडेय, कैलाश गड़िया, नवीन जोशी, पूनम ऐंठानी, खष्टी भट्ट, सुरेंद्र गड़िया, गणेश पांडेय, भुवन चंद्र पंत, गणेश आर्या आदि शामिल थे।

Related posts