भनोली के एसडीएम के तबादले से आक्रोश

अल्मोड़ा। जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और युवाओं की बैठक में भनोली के उपजिलाधिकारी शिवचरण द्विवेदी के तबादले पर रोष व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के प्रतिनिधि विकास करने के बजाए माफियाओं को संरक्षण दे रहे हैं और ईमानदार अधिकारियों के तबादले कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भनोली तहसील के एसडीएम सीएस डोभाल का तैनाती के कुछ माह बाद ही तबादला कर दिया गया। जून से तैनात एसडीएम शिवचरण द्विवेदी अच्छा कार्य कर रहे हैं। आम जनता उनके कार्यों से संतुष्ट है। किंतु कांग्रेस से जुड़े कुछ प्रभावशाली धंधेबाजों के अवैध कार्यों पर रोक लगने से श्री द्विवेदी का भी अब तबादला कर दिया गया है।
अध्यक्षता करते हुए उक्रांद जिलाध्यक्ष सुभाष पांडे ने कहा कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचारियों, तानाशाहों और माफियाओं को संरक्षण दे रही है। बैठक में एसडीएम का तबादला रोकने की मांग करते हुए कांग्रेस सरकार के विरुद्ध आंदोलन की चेतावनी दी गई। बैठक में शिवराज बनौला, गणेश बिष्ट, नंदी पालीवाल, हरीश कांडपाल, पूरन उपाध्याय, कुंदन नगरकोटी, भीम सिंह, गुड्डू नाथ, प्रकाश चौहान, दीवान राम, जगदीश पांडे, प्रकाश सिंह, हरीश सिंह, भुवन जोशी, गोपाल बनौला, किशन अधिकारी, दयाल पांडे, मोहन पांडे, करन सिंह, भूपाल सिंह, अमर सिंह, चंदन सिंह, प्रकाश जोशी, रवींद्र नाथ, केशर सिंह आदि उपस्थित थे।

स्थानांतरण निरस्त नहीं हुआ तो आंदोलन
गरुड़। भाजपा, कांग्रेस सहित विभिन्न संगठनों से जुड़े जनप्रतिनिधियों ने सीएम से ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ गरुड़ के एसडीएम अनिल चिन्याल का स्थानांतरण तत्काल निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने ऐलान किया है कि स्थानांतरण निरस्त नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
सीएम विजय बहुगुणा को भेजे हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन में कहा है कि एसडीएम की सकारात्मक पहल पर कोट भ्रामरी नंदाष्टमी का मेला इस बार शांति पूर्ण संपन्न हुआ। उन्होंने तहसील क्षेत्र में दैवीय आपदाओं की घटनाओं को गंभीरता से लिया। सांसद प्रतिनिधि रंजीत डसीला, डीसी पांडे, व्यापार संघ के जिलाध्यक्ष नवीन ममगई, भाजपा के मंडल अध्यक्ष देवेंद्र गोस्वामी, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष महेश बोरा, प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष दिगंबर नाथ गोस्वामी, साधन सहकारी समिति गरुड़ के अध्यक्ष आनंद बिष्ट, डंगोली के बलंवत भंडारी, भाजपा के जिला मंत्री मंगल राणा, जिपं सदस्य शंकर राम, एडवोकेट सुंदर बोरा आदि ने सीएम से एसडीएम का स्थानांतरण तत्काल निरस्त करने की मांग की है।

Related posts