
बैंक कर्मचारी की लापरवाही से हुई चोरी
बद्दी (सोलन)। बैंक कर्मचारियों की लापरवाही के चलते बद्दी में स्थित बैंक में चोरी हुई है। कैशियर खुला पैसा नोट गिनने वाली मशीन पर रखने के बाद काउंटर छोड़ देता है जिससे चोर को पैसा उड़ाने में कोई भी दिक्कत नहीं हुई। सभी कर्मचारी अपने-अपने काम में व्यस्त होने से किसी ने भी उसे जाते हुए नहीं देखा। वहीं पुलिस को चोरी होने के 40 मिनट के बाद सूचित किया तब तक आरोपी हरियाणा राज्य की सीमा पार कर गया था।
चोरी का पता बैंक कर्मियों को एक मिनट के भीतर चल गया था लेकिन बैंक कर्मियों ने 15 मीटर दूर पुलिस को सूचित करना ठीक नहीं समझा और न ही बैंक के सुरक्षा कर्मी को चोर का पता चल पाया। इतनी बड़ी चोरी होने के बाद भी बैंक के प्रबंधकों ने सायरन तक नहीं बजाया। सूचना मिलने के बाद जब पुलिस बैंक पहुंची तो बैंक कर्मचारी लंच करने चले गए थे। बीबीएन में एटीएम, घरों व दुकानों की चोरी के बाद चोर गिरोह ने बैंकों व गाड़ियों को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। तीन दिन पहले नालागढ़ में दिन दहाड़े चार लाख उड़ाने के विफल प्रयास के बाद अज्ञात चोरों ने बद्दी स्थित पीएनबी बैंक को अपना निशाना बनाया।
बैंक प्रबंधक रविंद्र गिरधर ने बताया कि चोर ने इतनी होशियारी से पैसे उठाए कि किसी को भनक नहीं लगी। एक मिनट के बाद जब कैशियर अपने काउंटर पर आता है तो वहां से पैसे गायब पाए जाते हैं। पहले बैंक ने अपने स्तर पर खोजने का प्रयास किया लेकिन जब सीसीटीवी फुटेज में चोरी होते पाया गया तब जाकर पुलिस को सूचित किया गया। डीएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि बैंक में सुबह से लेकर शाम तक सैकड़ों बाहर के लोग आते हैं जब खुला पैसा रखने के बाद काउंटर छोड़ेंगे तो चोरी होना स्वाभाविक है।
