हिमाचल में भी हाई अलर्ट

शिमला। पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर में सेना और पुलिस पर आतंकी हमले के दृष्टिगत हिमाचल में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। इसके तहत चप्पे-चप्पे की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जम्मू-कश्मीर से लगती चंबा की 226 किमी की सीमा पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इसके लिए वहां तैनात पुलिस जवानों को सतर्क किया गया है। मंदिरों की सुरक्षा को बढ़ाने के लिए भी तीन श्रेणियां बनाई गई हैं।
पुलिस महानिदेशक संजय कुमार ने सभी आईजी रेंज और जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के आदेश जारी किए हैं। डीजीपी संजय कुमार ने कहा कि प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बढ़ाई जाए, जिससे कि किसी तरह की अप्रत्याशित घटना न हो। चंबा के पुलिस अधीक्षक को चंबा-जम्मू-कश्मीर सीमा पर सशस्त्र बलों को अलर्ट करने के निर्देश जारी किए गए हैं। हिमाचल की सीमा के भीतर आतंकियो की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश जारी किए हैं।
डीजीपी संजय कुमार ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि हिमाचल में स्थापित किए गए मंदिरों को ‘ए’, ‘बी’ और ‘सी’ श्रेणियों में बांटा जाए। इसके लिए इन मंदिरों के स्थलों, मूल्यवत्ता, मूर्तियों, संपत्ति, यात्रियों की संख्या, चढ़ावा आदि के आधार पर श्रेणीबद्ध करने को कहा है। इस सुरक्षा योजना को अलग से बनाने के निर्देश दिए हैं, जिससे के मंदिरो की सुरक्षा को अधिक कारगर ढंग से किया जा सके।

Related posts