औद्योगिक निगम कर्मियों को आठ प्रतिशत महंगाई भत्ता

शिमला। एचपीएसआईडीसी कर्मियों को आठ प्रतिशत महंगाई भत्ते की मंजूरी दी गई है। यह मंजूरी वीरवार को निदेशक मंडल की बैठक मे दी गई है। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वीरवार को हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (एचपीएसआईडीसी) के निदेशक मंडल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए वित्त वर्ष 2012-13 में लगभग चार करोड़ रुपये का कुल लाभ अर्जित करने के लिए निगम के प्रबंधन वर्ग के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि एचपीएसआईडीसी ने अपनी कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी निगम अपने इन प्रयासों को जारी रखेगा।
निदेशक मंडल ने सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों को वेतनमान के 8.33 प्रतिशत की दर से 15,000 रुपये की अनुग्रह अदायगी करने का निर्णय लिया। निदेशक मंडल ने राज्य सरकार को पांच प्रतिशत की दर से 1.54 करोड़ रुपये का लाभांश देने को भी स्वीकृति प्रदान की। राज्य भारतीय खाद्य निगम के लिए बद्दी एवं परवाणू स्थित फू डग्रेन स्टोरेज के निर्माण के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। निदेशक मंडल ने अतुल शर्मा को एचपीएसआईडीसी के उपाध्यक्ष के तौर पर नियुक्ति का भी स्वागत किया। एचपीएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक राजेंद्र सिंह ने निगम के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस वित्त वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा किया जाएगा।
प्रधान सचिव उद्योग आरडी धीमान, उद्योग विभाग के निदेशक मोहन चौहान, विशेष सचिव वित्त राजेश शर्मा तथा निदेशक मंडल के अन्य गैर सरकारी सदस्य भी बैठक में उपस्थित थे।
दूसरी ओर, मुकेश अग्निहोत्री ने राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम की भी बैठक ली। इसमें संबंधित मामलों को भारत सरकार के समक्ष उठाने का आग्रह किया। अग्निहोत्री ने वीरवार को हथकरघा निगम की 161वीं बैठक की अध्यक्षता की। अग्निहोत्री ने कहा कि निगम ने इस अवधि में 97.15 लाख रुपये के लाभ अर्जित किए गए हैं।

Related posts