
बिलासपुर। के डांस कंपीटिशन ‘श्रिया-2013’ में भाग लेने पहुंचे स्कूली बच्चों का उत्साह देखते ही बना। किसान भवन में बुधवार को आयोजित इस प्रतियोगिता में अव्वल रहने के लिए प्रतिभागियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। बच्चों के बीच हुई कांटे की टक्कर के चलते विजेताओं के चयन के लिए निर्णायक मंडल को भी काफी सोचने को विवश कर दिया।
बुधवार को किसान भवन में आयोजित के डांस कंपीटिशन में सरस्वती विद्या मंदिर, डीएवी, राधे गोविंद, कन्या पाठशाला, ग्लोरी, आर्यन, माउंट केलेवरी व क्रिसेंट पब्लिक स्कूल बिलासपुर, जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा, स्वामी विवेकानंद स्कूल कंदरौर तथा मिनर्वा व स्टैमफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल घुमारवीं के बच्चों ने सोलो व ग्रुप डांस की शानदार प्रस्तुतियों से खूब रंग जमाया। निर्णायक मंडल में प्रो. मीना वर्मा, अनिल मेहता व कुलभूषण चब्बा शामिल रहे। निर्णायक मंडल के सदस्य बीच-बीच में बच्चों का मार्गदर्शन भी करते रहे।
सोलो डांस में स्टैमफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल घुमारवीं के शिवम ने पहला स्थान हासिल किया। आर्यन पब्लिक स्कूल बिलासपुर की कशिश कुंदी दूसरे तथा राधे गोविंद पब्लिक स्कूल बिलासपुर की अदिति शर्मा तीसरे स्थान पर रही। वहीं, ग्रुप डांस स्पर्धा में डीएवी स्कूल बिलासपुर प्रथम, राधे गोविंद पब्लिक स्कूल द्वितीय व कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तृतीय रहे। ग्रुप डांस में ग्लोरी पब्लिक स्कूल को सांत्वना पुरस्कार मिला। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एसीसी, मिनर्वा स्कूल, शिवा इंस्टीट्यूट, आनंद भारती एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, ग्लोरी पब्लिक स्कूल, सर्वोदय वोकेशनल इंस्टीट्यूट, नेटकॉम व नाहर इंस्टीट्यूट का अहम योगदान रहा।
