कहीं गुरुजी, कहीं चपरासी नहीं

तेलका (चंबा)। केंद्रीय पाठशाला पण्ताह के अधीन आने वाले चार स्कूलों में शिक्षकों की कमी चल रही है। इन स्कूलों में वर्तमान में कुल 306 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। प्राथमिक स्कूल करवाल में जेबीटी के दो पद खाली चल रहे हैं। छत्रेल स्कूल में 27 बच्चों का भविष्य एक ही अध्यापक के हाथ में है। यहां जेबीटी का पद पिछले दो वर्षों से खाली चल रहा है। अंद्राल तथा नगाली स्कूल में जेबीटी का एक-एक पद लंबे समय से रिक्त पड़ा हुआ। मंडाई स्कूल में चपरासी का पद भी खाली चल रहा है।
शिक्षकों के खाली पदों को लेकर अभिभावकों में रोष है। हेम राज, कृष्ण चंद, मालती देवी, मनोज कुमार, आशा देवी, गुड्डो देवी, रजनी देवी ने बताया कि शिक्षा विभाग को जल्द रिक्त पदों को भरना चाहिए। छत्रेल स्कूल एसएमसी सदस्य सरोज कुमार, सरदारू राम, अशोक कुमार, निक्कु राम, बालम राम, विनीत कुमार, बालकू राम, विजय कुमार ने बताया कि दो माह पहले रिक्त पदों को भरने के लिए प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा था। बावजूद खाली पद नहीं भरे जा रहे हैं। विभाग तथा प्रशासन ने रिक्त पदों को भरने की दिशा में कोई सकारात्मक पहल नहीं की है।
इस बारे में केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला के केंद्रीय मुख्य अध्यापक चिनालू राम ठाकुर का कहना है कि स्कूलों में रिक्त पदों की सूची शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। इधर, शिक्षा विभाग के उपनिदेशक सुशील पुंडीर ने बताया जिले में काफी संख्या में शिक्षकों के पद खाली चल रहे हैं। सरकार रिक्त पदों को भरने के आदेश जारी करती है, तो जल्द खाली पदों को प्राथमिकता के आधार पर भर दिया जाएगा।

Related posts