
धर्मशाला। गुप्तचर विभाग ने धर्मशाला में एक किलोग्राम चरस के साथ युवक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली बाजार के साथ लगते खड़ा डंडा रोड के किरपू मोड़ के पास सीआईडी यूनिट ने युवक को चरस के साथ धर दबोचा। सीआईडी ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सीआईडी को लंबे समय से युवक के चरस बेचने को लेकर सूचनाएं मिल रही थी। ऐसे में सीआईडी ने गुप्त सूचना के आधार पर वीरवार को किरपू मोड़ पर नाका लगाकर यह कार्रवाई की। युवक जैसे ही मोड़ से गुजरा तो सीआईडी ने उसकी तलाशी ली। इस दौरान युवक के बैग में रखी कमीज के नीचे एक लिफाफे से एक किलो चरस बरामद की गई। इस दौरान मैकलोडगंज सीआईए स्टाफ भी मौजूद था। सीआईडी के प्रभारी भगवंत सिंह ने बताया कि चरस के आरोपी की पहचान पमिल कुमार पुत्र पुरुषोत्तम निवासी चड़ी घरोह के रूप में हुई है। इस मौके पर सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद, एएसआई सुनील कुमार, एचसीसी रविंद्र, एलएचसी जगविक्रांत, कांस्टेबल प्रदीप, उपदेश, अनीता मौजूद रहीं।
