
घाट (चमोली)। ब्लाक मुख्यालय पर बुधवार को टैक्सी यूनियन घाट और अन्य स्थानीय लोगों ने आपदा नोडल अधिकारी द्वारा एक वाहन चालक के साथ की गई अभद्रता के विरोध में घाट-नंदप्रयाग मोटर मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। वे नोडल अधिकारी से माफी मांगने की मांग कर रहे थे।
बुधवार को टैक्सी यूनियन के सदस्य और स्थानीय ग्रामीणों ने घाट-नंदप्रयाग मोटर मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि 23 सितंबर को आपदा नोडल अधिकारी घाट ने ट्रेफिक जाम के चलते वाहन चालक लखपत भंडारी से अभद्रता की। मौके पर पहुंचे सीओ एसएल चौहान ने नोडल अधिकारी से वार्ता करवाने का आश्वासन देकर शाम तीन बजे जाम खोला गया। यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि मांग नहीं मानी गई तो बृहस्पतिवार को पुन: जाम लगाया जाएगा। इधर, आपदा नोडल अधिकारी अनूप नौटियाल ने अभद्रता के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि ट्रेफिक नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन चालक का चालान किया गया।
इस दौरान यूनियन के अध्यक्ष मनोज कठैत, राजेंद्र कठैत, सरस्वती देवी, खिलाफ सिंह बिष्ट, अवतार सिंंह भंडारी, लक्ष्मण राणा, प्रकाश मैंदोली, गुड्डू लाल, बॉबी रावत, गौर सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।
