बेहोश छात्राओं की हालत में सुधार

जसपुर। कीटनाशक के प्रभाव से बेहोश होने वाली तीन छात्रा की हालत में सुधार होने पर उपचार कर रहे डाक्टर ने उन्हें नर्सिग होम से रिलीव कर दिया। इस मामले में किसी भी पक्ष द्वारा घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं करायी गई है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को ग्राम हजीरो के उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में अवकाश के बाद एक्सट्रा क्लास पढ़ते समय कक्षा आठ की छात्रा सोनिया पुत्र नन्हें सिंह (14), पूजा (13) पुत्री गजराज सिंह निवासीगण ग्राम हजीरो, आरती (9) पुत्री सुनील कुमार निवासी ग्राम रामनगर वन का दम घुटने लगा और सांस लेने में परेशानी होने लगी। छात्राओं द्वारा हालत बताने पर तथा कीटनाशक की गंध आने पर शिक्षक ने छात्राओं को उनके घर भेज दिया। घर जाकर तीनों छात्रा को उल्टियां होने लगी तथा बेहोश हो गयी। गंभीर हालत में उनके परिजनों ने उन्हें प्राइवेट नर्सिग होम में भर्ती कराया था। जहां उपचार कर रहे डा.एमपी सिंह ने हालत में सुधार होने पर तीनों छात्राओं को छुट्टी कर दी। इस मामले में किसी भी पक्ष द्वारा रिपोर्ट दर्ज नहीं करायी गयी है।
इससे पूर्व 13 सितंबर को ग्राम सन्यासियोंवाला में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से सटे खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने से 40 छात्र बेहोश हो गए थे। विद्यालय के प्रधानाचार्य केजी पाठक ने खेत स्वामी नासिर अहमद व ट्रेक्टर चालक मोहम्मद आरिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।

Related posts