होटल व्यवसायियों ने भीख मांगकर जताई पीड़ा

उत्तरकाशी। आपदा में कारोबार चौपट होने से सड़क पर आए होटल व्यवसायियों ने नगर में भीख मांगकर अपनी पीड़ा जताई। भीख से एकत्र 2405 रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराए गए। बाढ़ और भूस्खलन से बंद और बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने, आबादी को सुरक्षित करने की मांग को लेकर जनसंगठनों का साझा मंच का धरना आंदोलन 31वें दिन भी जारी रहा।
कलक्ट्रेट में धरनास्थल पर हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राजमार्ग भारी वाहनों की आवाजाही लायक न होने से सेब आदि की नकदी फसलें मंडियों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। बाढ़ सुरक्षा कार्यों की न तो डिजाइन स्वीकृत हुई है और न ही बजट। ऐसे में जनपदवासी भविष्य को लेकर आशंकित हैं। तीन माह से यात्रा ठप होने के कारण कारोबार चौपट होने से गुस्साए होटल व्यवसायियों ने नगर में प्रदर्शन कर भीख मांगी। होटल एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र मटूड़ा ने कहा कि प्रशासन ने यात्रा शुरू करने की घोषणा तो की, लेकिन जब तीर्थयात्री व पर्यटक ही नहीं पहुंच रहे तो ऐसी यात्रा का क्या करना। इस मौके पर राजेंद्र पंवार, आनंदी नौटियाल, हिमांशू शेखर जोशी, दिपेंद्र पंवार, सुभाष बडोनी, धनपाल पंवार आदि दर्जनों होटल व्यवसायी मौजूद थे।

Related posts