महंगाई पर रोक को ट्रेड यूनियनों का हल्ला

मंडी। अखिल भारतीय ट्रेड यूनियनों की समन्वय समिति के आह्वान पर बुधवार को मंडी में मजदूर यूनियन ने सीटू के बैनर तले प्रदर्शन किया। लाल झंडा यूनियन की ओर से मंडी शहर में रैली निकाली गई। केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की गई। सीटू के जिला महासचिव राजेश शर्मा ने बताया कि अखिल भारतीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर हल्ला बोला गया। इसी समन्वय समिति के आह्वान पर 20-21 फरवरी को दो दिवसीय हड़ताल आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के करीब 10 करोड़ से अधिक मजदूरों ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से भागीदारी की थी। इसी कड़ी में अखिल भारतीय ट्रेड यूनियनों की बैठक छह अगस्त 2013 को दिल्ली में हुई थी। जिसमें 25 सितंबर को देशव्यापी प्रदर्शन करने का निर्णय लिया था। उन्होंने बताया कि ट्रेड यूनियनों ने मांग की है कि महंगाई पर तुरंत रोक लगाई जाए। वहीं, श्रम कानूनों को सख्ती से लागू किया जाए। उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई का प्रावधान किया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को पंजाब की तर्ज पर पांच और तीन हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाए। जबकि, मिड-डे-मील कार्यकर्ताओं को 4500 रुपये मासिक वेतन दिया जाए। न्यूनतम मजदूरी दस हजार मासिक करने के अलावा ठेका प्रथा बंद करने, 45 दिन के अंदर ट्रेड यूनियनों का पंजीकरण अनिवार्य करने, सभी श्रमिकों को पेंशन देने और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। इस मौके पर राजेश शर्मा, सुमित्रा ठाकुर, हमेंद्री, नरेश कुमार और गोपेंद्र शर्मा ने भी संबोधित किया।

Related posts