..31 यात्रियों की जान पर बन आई

सरकाघाट/धर्मपुर (मंडी)। पथ परिवहन डिपो सरकाघाट की सुबह सवा पांच बजे संधोल के लिए जाने वाली बस में सवार यात्रियाें की जान पर उस समय बन आई जब अचानक बस में तकनीकी खराबी आ गई। चालक की मुस्तैदी से हादसा टल गया। चालक-परिचालक समेत बस में सवार किसी भी यात्री को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। बीस रास्ते में बस में एकाएक आई तकनीकी गड़बड़ी का चालक को समय रहते पता चल गया। चालक ने सवारियों को सुरक्षा निर्देश देने के बाद बस को एक पहाड़ी से टकरा दिया, जिससे बस सड़क से नीचे खाई में गिरने से बच गई। हादसे में एक महिला घायल हुई है, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ने मौके का जायजा लिया।
जानकारी के मुताबिक सरकाघाट से संधोल प्रात: चलने वाली निगम की बस एचपी 28ए-1405 बुधवार सुबह रोज की भांति अपने रूट पर रवाना हुई। सरकाघाट से सात किमी आगे पाड़च्छू पुल के पास उतराई में बस की ब्रेक तथा अन्य मशीनरी फेल हो गई। खतरे को भांपते हुए बस चालक ने सभी सवारियाें को अपनी सीटें कस कर पकड़ने के निर्देश दिए तथा बस का रुख पुल की रेलिंग के ठीक पीछे बने रेन शेल्टर की ओर मोड़कर बस को पहाड़ी से टकरा दिया। इस घटना में महिला सत्या देवी (47) घायल हो गई। उसे 108 एंबुलेंस से सरकाघाट अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को घर भेज दिया गया है। इस घटना से खलबली मच गई। बस में 31 सवारियां सफर कर रही थीं। इधर, क्षेत्रीय प्रबंधक जगरनाथ ने पुष्टि करते हुए बताया कि यांत्रिकी खराबी की वजह से घटना हुई। एक महिला को हल्की चोटें आई हैं। अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं।

Related posts