
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां के निकट बड़ोह-समलोटी संपर्क मार्ग पर बुधवार को टाटा सूमो के अनियंत्रित होकर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। चंगर क्षेत्र के बूसल गांव के निवासी मुंशी राम, पृथ्वी चंद पुत्र परस राम और सुरेश कुमार पुत्र ब्रह्म राम टाटा सूमो में योल स्थित कैंटीन से घरेलू सामान खरीद कर घर वापस आ रहे थे। इस दौरान बड़ोह रोड पर एक महिला भलूणा निवासी सुषमा देवी को लिफ्ट दी। बड़ोह रोड से कुछ ही दूरी पर एक मोड़ पर जोगल खड्ड पर बने एक पुल से पहलेे गाड़ी अनियंत्रित होकर लगभग 15-20 फुट गहरी खाई में जा गिरी। जैसे ही हादसा हुआ, सड़क से गुजर रहे लोग घटनास्थल पर इकट्ठे हो गए। लोगों ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचित किया।
मुंशी राम की मौके पर ही मौत हो गई है। 108 एंबुलेंस में घायलाें को टांडा मेडिकल कॉलेज उपचार के लिए पहुंचाया गया। घायलाें की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। नगरोटा बगवां यातायात पुलिस प्रभारी जयचंद ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
