
जवाली (कांगड़ा)। पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल मार्ग पर स्थित जवांवाला रेलवे स्टेशन (जवाली) पर बने रेलवे के शौचालय के पास एक व्यक्ति का शव मिला है। डीएसपी जवाली धर्म चंद वर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे ट्रेन के चालक ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर जवाली सतीश चंद्र लाल को दी। स्टेशन मास्टर ने इस बाबत पुलिस थाना जवाली में सूचना दी। धर्म चंद वर्मा ने कहा कि पुलिस रेलवे स्टेशन जवांवाला में पहुंची तथा शव को कब्जे में ले लिया। इसके बारे में रेलवे पुलिस कांगड़ा को सूचित किया गया। धर्म चंद वर्मा ने बताया कि उन्होंने शव के पास से मिले सारे सामान को रेलवे पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। उन्होंने शव को कांगड़ा पुलिस के हवाले कर दिया। रेलवे पुलिस कांगड़ा के आईओ शफी मोहम्मद ने बताया कि मृतक की शिनाख्त विश्वनाथ उर्फ विशु (28 वर्ष) पुत्र उत्तम चंद निवासी रिहड़ी (भरमाड़) के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार शव पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि यह हत्या है या फिर आत्महत्या। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। शफी मोहम्मद ने बताया कि पुलिस ने धारा 174 सीआरपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। छानबीन चल रही है। शव के पास से बरामद हुए पत्र को डीएसपी जवाली ने खोला था। इसमें लड़ाई-झगड़े के बारे में जिक्र किया गया है। परिजनों और गांववासियों के बयान दर्ज किए जाएंगे तथा उसी के आधार पर छानबीन की जाएगी।
