
रुद्रप्रयाग। पूर्वी बांगर पट्टी के एक मात्र राजकीय इंटर कालेज घंघासू बांगर में शिक्षकों की कमी पहले से बनी है फिर भी नई स्थानांतरण नीति के तहत विद्यालय से एक प्रवक्ता समेत तीन शिक्षकों का स्थानांतरण कर दिया गया। इनके स्थान पर किसी भी शिक्षक की तैनाती नहीं हो पाई है।
जीआईसी घंघासू बांगर में पूर्वी बांगर पट्टी के उच्छोला, भौंर, मथ्यागांव, बक्सीर, भुनालगांव, डांगी व खौड़ आदि स्थानाें से छात्र-छात्राएं पढ़ने के लिए आते हैं। वर्तमान में विद्यालय में 500 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है। पीटीए अध्यक्ष बलवीर सिंह राणा, हुकुम सिंह, गीता देवी आर्य, कलम सिंह राणा, मधु ध्यानी, केसर सिंह, सज्जन सिंह और जगत सिंह नेगी ने बताया कि विद्यालय में इंटर स्तर पर भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित विषय के प्रवक्ताआें और एलटी में विज्ञान, भाषा, व्यायाम के पद लंबे समय से रिक्त हैं। नई स्थानांतरण नीति के कारण विद्यालय से हिंदी प्रवक्ता, गणित और सामान्य एलटी शिक्षक का भी तबादला हो गया, लेकिन इनके स्थान पर कोई भी शिक्षक नहीं आया। उन्हाेंने चेतावनी दी यदि शीघ्र रिक्त पदाें पर शिक्षकों की तैनाती नहीं की जाती तो ग्रामीण विभाग के खिलाफ आंदोलन शुरू कर देंगे। मुख्य शिक्षाधिकारी हरीशंकर वर्मा ने बताया कि शासन स्तर से अनिवार्य स्थानांतरण के तहत शिक्षकाें के स्थानांतरण हुए हैं। यदि स्थानांतरण नीति के अनुसार किसी शिक्षक का तबादला विद्यालय में नहीं होता है तो व्यवस्था पर शिक्षक तैनाती पर विचार किया जाएगा।
