
बागेश्वर। कपकोट के कर्मी क्षेत्र में सड़कें नहीं खुल पाने के कारण यातायात के लिए लोग परेशान हैं। कर्मी की पहले फेज की जल विद्युत परियोजना में अव्यवस्था को लेकर भी ग्रामीण खफा हैं। सोमवार को तमाम ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया।
पिछले महीने की बारिश में पिंडर के सभी पैदल पुल बह गए थे। उच्च हिमालय को जोड़ने वाले मोटर मार्ग भी ध्वस्त हुए। यातायात संपर्क कट जाने के कारण लोगों को दिन भर पैदल चलकर तहसील मुख्यालय आना पड़ता है। यहां जनजीवन पटरी से उतरा हुआ है। सड़कों के जो हिस्से खुल हुए हैं, उनमें भी वाहन चलाना जोखिम भरा है। ग्रामीणों के अनुसार शरण से कर्मी तक सड़क की स्थिति दयनीय बनी है। यहां वाहन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि कर्मी की फेज वन जल विद्युत परियोजना उरेडा के माध्यम से बनाई गई है, लेकिन लोगों को बिजली दिए बगैर मनमाने तरीके से राजस्व वसूला जा रहा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात करके उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होेंने सड़क की शीघ्र मरम्मत करने, जल विद्युत परियोजना के तहत उपभोक्ताओं की ऊर्जा समिति का विधिवत गठन करने की मांग की है। जिलाधिकारी से मिलने वालों में नारायण सिंह, दयाल सिंह,पंकज सिंह, बलवंत सिंह, बलदेव राम, प्रकाश कर्म्याल, गोविंद सिंह चामू सिंह आदि शामिल थे।
