
गैरसैंण। मठकोट गांव में मौसमी बुखार के कहर ने दो लोगों की जान ले ली। इस क्षेत्र में अब भी पचास से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। कई बीमारों को उनके तीमारदार इलाज के लिए देहरादून और दिल्ली ले गए हैं।
सारकोट गांव में भी कुछ ग्रामीणों के बुखार से पीड़ित होने की सूचना है। तहसील मुख्यालय से करीब दस किमी दूर मठकोट गांव में बीते कई दिनों से मौसमी बुखार का प्रकोप बना हुआ है। बताया जा रहा है कि गांव के कुंवर सिंह पुत्र भवान सिंह व झीमर सिंह पुत्र चंद्र सिंह की को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर रैफर किया गया। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। सीएचसी गैरसैंण के अनुसार बीते 30 अगस्त को कुंवर सिंह को बुखार के चलते भर्ती किया गया था। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उसी दिन बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया गया था। जबकि झीमर सिंह इस माह 10 सितंबर को बुखार के चलते भर्ती किए गए थे, जिन्हें 12 सितंबर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। मौत के बारे में अस्पताल प्रशासन को जानकारी नहीं है। दूसरी तरफ गांव के मदन सिंह पुत्र शेर सिंह, श्याम सिंह पुत्र मदन सिंह को सीएचसी गैरसैंण से प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर और वहां से भी देहरादून रेफर कर दिया गया है। विनीता पुत्री त्रिलोक सिंह को उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा जा चुका है। बुखार से पीड़ित सुनीता देवी पत्नी गजे सिंह को इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया है। गांव में अब भी 50 से अधिक ग्रामीण बुखार से पीड़ित है। सामाजिक कार्यकर्ता रतन सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन भेजकर गांव में ही शीघ्र उचित उपकरणों के साथ चिकित्सा टीम भेजने की मंाग की है। उन्होंने एसडीएम, डीएम और सीएमओ को भी ज्ञापन भेजा है। दूसरी तरफ भराड़ीसैंण के निकट सारकोट गांव में भी ग्रामीणों के बुखार से पीड़ित होने की सूचना है।
इनका कहना है –
मठकोट गांव में 50 के करीब ग्रामीणों को बुखार है। दो दिन पूर्व टीम गांव में भेजी गई थी। जांच कर दवा का वितरण कर दिया गया था। बुधवार को टीम दोबारा भेजी जा रही है। बुखार से दो लोगों की मौत की जानकारी नहीं है। दोनों हमारे यहां काफी दिन पहले भर्ती हुए थे, जिनमें एक को श्रीगनर रेफर व दूसरे को डिस्चार्ज कर दिया गया था। सारकोट गांव में भी 8 ग्रामीणों को बुखार था, जिन्हें दवा दी गई है। स्थिति खतरे से बाहर है।
— डा. एके सिंह चिकित्साधीक्षक सीएचसी गैरसैंण
सीएचसी गैरसैंण से मठकोट गांव के बारे में बुखार के प्रकोप की जानकारी लेकर प्रभावित गांव में जल्द चिकित्सकीय दल भेजा जाएगा।
