
टनकपुर। बिजली विभाग के संविदा कर्मचारियों की बैठक में 25 सितंबर से दो दिवसीय आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने निगम प्रबंधन पर समझौते के नाम पर संविदा कर्मचारियों के साथ छलावा करने का आरोप लगाते हुए हक के लिए हर स्तर पर एकजुटता के साथ संघर्ष का निर्णय लिया है।
उत्तराखंड विद्युत संविदा कर्मचारी संगठन (इंटक) के बैनर तले सब स्टेशन कार्यालय परिसर में हुई बैठक में कर्मचारी नेताओं ने कहा कि ऊर्जा के तीनों निगमों के प्रबंधन के साथ हुई संगठन की समझौता वार्ता पर अब तक अमल नहीं हुआ है। कहा कि संगठन ने संविदा कर्मचारियों के हित के लिए संघर्ष का बीडा उठाया है, जिसे वे एकजुटता से मुकाम तक पहुंचाकर ही दम लेंगे। तय किया ह कि 25 सितंबर को यूजेविएन मुख्यालय महरानीबाग और 26 सितंबर को उपाकालि मुख्यालय ऊर्जा भवन में धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर भागीदारी की जाएगी। बैठक में विपिन पांडेय, सुनील शर्मा, मनोज कांडपाल, प्रमोद रावत, मदन भट्ट, विनोद जोशी, पंकज कुमार, राजेंद्र कश्यप, पुरुषोत्तम, नितिन प्रकाश, विमल पंत, जनक चंद आदि मौजूद थे।
