
बाजपुर। हरसान क्षेत्र की महिलाओं ने एक व्यक्ति पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने कार्रवाई की मांग को लेकर सांकेतिक धरना भी दिया। जबकि पूर्व में इस व्यक्ति पर एक महिला को धमकी देने और सड़क की सफाई के दौरान जेसीबी से शौचालय और सरकारी पुलिया तोड़ने के आरोप में तहरीर दी गई थी।
सोमवार को हरसान की महिला मंगल दल अध्यक्ष उमा जोशी के नेतृत्व में दर्जनों महिलाओं ने कोतवाली पंहुचकर धूरिया निवासी नारायन सिंह के खिलाफ कोतवाल डीआर आर्य को तहरीर सौंपी। सफेदपुरी निवासी भागो देवी ने तहरीर में कहा है कि उसका लड़का जगत सिंह जंगल से जलाऊ लकड़ी लेने गया था। वहां से वापस लौटते वक्त नारायण सिंह ने उसे रोककर गाली गलौच कर मारपीट की। जिसमें उसके काफी चोटें आई। आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। जबकि उमा जोशी ने कहा कि 10 सितंबर को नारायण सिंह ने सड़क सफाई के दौरान जेसीबी से एक शौचालय और सरकारी पुलिया तोड़ दी थी। जिसका विरोध करने पर उसे गांव वालों को धमकाया था। लेकिन आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। महिलाओं ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में सांकेतिक धरना भी दिया। मौके पर राधे सिंह, मान सिंह, अमर सिंह, कमल सिंह, भागो देवी, उमा बिष्ट, कलावती, लीलावती, देवकी आदि थे।
