आकर्षण का केंद्र बना 15 लाख का पेन

नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित दिल्ली ज्वेलरी एंड जैम फेयर में रविवार को काफी संख्या में दर्शक पहुंचे।

तीन दिवसीय मेले के दूसरे दिन 15 लाख रुपये का पेन आकर्षण का केंद्र रहा। गोल्डन कलर के इस पेन पर दुनिया के नायाब सात सौ हीरे जडे़ हैं।

छोटी-छोटी कटिंग वाले हीरे से पेन को बेहतरीन लुक दिया गया है। इसके अलावा मेले में गुजरात से विशेष तौर पर एक बेल्ट रखी गई है, जिसका बक्कल सोने का है।

पुरुषों की बेल्ट की कीमत एक लाख, जबकि महिलाओं की बेल्ट डेढ़ लाख रुपये की है। इसके अलावा दर्शकों को पारंपरिक तस्वीरों वाले हार बेहद भा रहे हैं, जिसमें अलग-अलग प्रकार शैली का प्रयोग किया गया है।

इसमें दक्षिण, राजस्थानी, गुजराती डिजाइन मुख्य है। इन गहनों में भगवान की कलाकृति उकेरी गई हैं, जिसमें बाजूबंद, गले का हार मुख्य है।

मेले में विभिन्न ज्वेलरी उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। आभूषणों के थोक विक्रेता, रिटेलर, आयातक, निर्यातक, ज्वेलरी निर्माता, डायमंड व्यवसायी, कारोबारी, आपूर्तिकर्ता, गहनों में प्रयोग होने वाले जेम स्टोन, कीमती धातु, पत्थर आदि से जुड़े विशेषज्ञ भी भाग ले रहे हैं।

Related posts