कार्यकर्ता बाजार से नहीं खरीदेंगे खाद्य सामग्री

धर्मपुर (मंडी)। सीटू से संबंधित आंगनबाड़ी वर्कर एवं हैल्पर यूनियन की धर्मपुर प्रोजेक्ट कमेटी ने सीडीपीओ धर्मपुर के माध्यम से जिला कार्यक्रम अधिकारी मंडी, निदेशक और सचिव सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग शिमला को मांग पत्र सौंपा। इस मांग पत्र में यूनियन ने आंगनबाड़ी केंद्राें में दाल, चने, मटर और अन्य खाद्य सामग्री विभाग की ओर से सप्लाई करने की मांग की है। वर्तमान में विभाग की ओर से केंद्रों में दिए जाने वाले आहार की सप्लाई बंद कर दी गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को यह सामग्री बाजार से क्रय करने के आदेश जारी किए गए हैं। यूनियन का कहना है कि कार्यकर्ताओं को जो मानदेय मिलता है उसे आहार क्रय करने में खर्च करना पड़ रहा है। जबकि आहार क्रय करने पर उसके बिल छह-सात माह तक पास नहीं होते हैं। यूनियन प्रधान चंपा देवी ने कहा कि यूनियन ने निर्णय लिया है कि कोई भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अक्तूबर माह से आहार सामग्री बाजार से क्रय नहीं करेगा। अगर विभाग यह खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाएगा, तभी उसे बच्चों को दिया जाएगा। यूनियन ने हर माह मानदेय जारी करने, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन संबंधी एक वर्ष से लंबित बिलों का भुगतान तुरंत करने, रसोई गैस की नियमित सप्लाई और आहारों की शर्त हटाने की भी मांग की है। इसके अलावा सभी केंद्रों में भवन और स्टोर बनाने, सर्कल कार्यालयों में दरियां और फर्नीचर तथा रिकार्ड रखने के लिए अलमारियां उपलब्ध करवाने की भी मांग उठाई है। इस अवसर पर सचिव भावना देवी, सीटू के जिला प्रधान भूपेंद्र सिंह भी मौजूद थे।

Related posts