संस्कृति का संरक्षण जरूरी : प्रतिभा सिंह

गोहर (मंडी)। गोहर उपमंडल का जिला स्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेला सोमवार को संपन्न हो गया। मेले के समापन समारोह में की अध्यक्षता सांसद प्रतिभा सिंह ने की। इस अवसर पर सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि मेले हमारी संस्कृति के परिचायक हैं और इन मेलों और उत्सवों से हमारी संस्कृति के जीवंत दर्शन होते हैं। मेले से आपसी भाईचारा और मेल जोल बढ़ता है।हमें अपनी अमूल्य संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए। ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी भी प्राचीन संस्कृति को कायम रख सके। उन्होंने कहा कि ख्योड़ मेला गोहर उपमंडल का प्रसिद्ध नलवाड़ मेला है और इससे क्षेत्र के लोगों को व्यापार, संस्कृति व मनोरंजन के अवसर मिलते हैं । उन्होंने कहा कि सरकार ने हर वर्ग के उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 450 से बढ़ाकर 550 रुपये किया। बेरोजगार युवाओं को कौशल विकास भत्ता प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चैलचौक में सब्जी मंडी का निर्माण किया गया है जिससे किसानों को लाभ मिल सके। जाछ से लोट सड़क के लिए 2 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है। उन्होंने नरसिंह मंदिर दाड़ी की सराय निर्माण के लिए एक लाख, युवक मंडल कुठेहड़ भवन निर्माण के लिए एक लाख, देव कमरूनाग मंदिर की चहारदीवारी और शौचालय निर्माण के लिए एक लाख की राशि सांसद निधि से देने की घोषणा की। इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, मंडी संसदीय क्षेत्र युवा कांग्रेस के अध्यक्ष संजू डोगरा, ब्लाक कांग्रेस उपाध्यक्ष गोबिंद ठाकुर, पूर्व जिला कांग्रेस उप प्रधान काहन सिंह ठाकुर, युवा कांग्रेस पूर्व प्रधान सुरेंद्र शर्मा ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पंकज राय, एसडीएम गोहर दिले राम धीमान, मार्किटिंग कमेटी के अध्यक्ष हरेंद्र सेन, राजेंद्र मोहन, भागमल भरमौरिया आदि मौजूद थे।

Related posts