
घुमारवीं/ भराड़ी (बिलासपुर)। जनपद बिलासपुर के अंतर्गत घुमारवीं शहर जल्द ही चंडीगढ़ की तर्ज विकसित होगा। नगर परिषद घुमारवीं ने शहर का कायाकल्प करने के उद्देश्य से 24 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट तैयार कर सरकार की स्वीकृति को भेजा है। योजनानुसार सब ठीक रहा तो घुमारवीं शहर चकाचक हो जाएगा।
नगर परिषद घुमारवीं के प्रोजेक्ट के तहत शहर की स्वच्छता सहित अन्य कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे। शहर के हर वार्ड को पार्किंग सुविधा मिलेगी। शहर के पुराने रास्तों पर टाइलें लगेंगी। साथ ही स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा जितनी भी पानी निकासी की नालियां हैं। उन्हें भूमिगत किया जाएगा। प्रोजेक्ट में सबसे अहम पार्किंग की व्यवस्था है। वर्तमान में शहर में बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन कभी भी देखे जा सकते हैं। इससे न केवल जनता बल्कि दुकानदारों को भी समस्या बनी रहती है। नगर परिषद के प्रोजेक्ट के तहत जल्द ही शहरवासियों को कई समस्याओं से छुटकारा मिल जाएगा। बहरहाल, अभी तक नगर परिषद को सरकार की स्वीकृति का इंतजार है।
नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल ने कहा कि नगर परिषद ने 24 करोड़ रुपये का प्रोेजेक्ट तैयार कर स्वीकृति को भेजा है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। प्रस्ताव बनाकर सरकार के पास भेज दी गई है। जैसे ही आदेश आएंगे वैसे ही काम शुरू किया जाएगा।
